दिल्‍ली जहांगीरपुरी हिंसा : शोभा यात्रा की मिली जानकारी और रच दी साजिश

देश नई दिल्ली मुख्य समाचार
Spread the love

नई दिल्‍ली। देश की राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली के जहांगीरपुरी इलाके में हनुमान जन्‍मोत्‍सव की शोभा यात्रा पर हुए पथराव के मामले में पुलिस ने 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी को रोहिणी अदालत में पेश किया। अदालत ने दो आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इसमें शामिल अन्‍य लोगों की पहचान भी की जा रही है।

डीसीपी नॉर्थ-वेस्ट उषा रंगनानी ने बताया कि 16 अप्रैल को धारा 147, 148, 149, 186, 353, 332, 323, 427, 436, 307, 120बी आईपीसी और 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जहांगीरपुरी हिंसा मामले में 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कानून का उल्लंघन करने वाले 2 किशोरों को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्‍जे से 3 तमंचे और 5 तलवारें बरामद की गई हैं। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

दिल्‍ली के क्राइम ब्रांच के स्‍पेशल सीपी र‍वींद्र यादव ने बताया कि जहांगीरपुरी हिंसा मामले में जि‍ला पुलिस और अपराध शाखा संयुक्त रूप से जांच कर रही है।

जहांगीरपुरी हिंसा मामले में गिरफ्तार लोगों को रोहिणी कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने अंसार और असलम नाम के दो आरोपियों को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। शेष 12 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

रोहिणी कोर्ट में दिल्ली पुलिस ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी अंसार और असलम को 15 अप्रैल को शोभायात्रा के बारे में पता चला। फिर उन्होंने यह साजिश रची।

दिल्ली पुलिस ने यह भी कहा कि हमें सीसीटीवी फुटेज को देखना होगा। इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करनी होगी।