झारखंड आयीं अन्नपूर्णा देवी को राज्य अतिथि का दर्जा नहीं मिलने पर बिफरे भाजपाई

झारखंड
Spread the love

रांची। दो दिनों के झारखंड दौरे पर आयीं केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी को राज्य सरकार ने राज्य अतिथि का दर्जा देने में असमर्थता जताई।

उन्हें 17 व 18 अप्रैल को राज्य के तीन आकांक्षी जिले गिरिडीह, दुमका और धनबाद का दौरा करना था और केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा करनी थी। लेकिन, झारखंड सरकार ने पंचायत चुनाव को लेकर जारी आदर्श आचार संहिता का हवाला देते उन्हें राज्य अतिथि का प्रोटोकॉल देने से इनकार कर दिया।

इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय व निगरानी विभाग की ओर से केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव को पत्र भेज कर सूचना दी गई। केंद्रीय मंत्री रविवार की देर शाम ही दिल्ली लौट गईं। इस मामले को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य सरकार भारत के संघीय ढांचे पर प्रहार कर रही है। आदर्श आचार संहिता का बहाना बनाकर केंद्रीय मंत्रियों के झारखंड दौरे को टालने की कोशिश हो रही है।

इधर झामुमो के केंद्रीय सदस्य सुप्रीयो भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्रीय पंचायती राज्य मंत्री यहां पर एनजीओ व सेल्फ हेल्प ग्रुप से बात करेंगे। इससे स्पष्ट होता है कि केंद्रीय मंत्री अपने झारखंड भ्रमण के कार्यक्रम से पंचायत चुनाव को प्रभावित करना चाहते हैं। यह आचार संहिता का भी उल्लंघन है।