बिहारः रात में गर्लफ्रेंड के साथ खाया खाना, सुबह पंखे से लटका मिला शव

अपराध देश बिहार
Spread the love

पटना। पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित बसपा कार्यालय के पास रहने वाले एक युवक का शव गमछी का फंदा बना पंखे से लटका मिला। मृतक का नाम जीतेंद्र यादव उर्फ बाला यादव (24 वर्ष) है। घटना की जानकारी तब हुई जब परिवार वाले सुबह उसे उठाने गए। काफी देर के बाद भी जब उसने कमरा नहीं खोला, तो दरवाजा तोड़ा गया।

परिजनों ने देखा कि बाला का शव फंदे से लटका हुआ है। उसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पहले तो परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया, फिर पुलिस के समझाने के बाद परिवार वाले माने और पोस्टमार्टम के लिए शव को पीएमसीएच भेजा गया।

थानाध्यक्ष निहार भूषण ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। परिवार वालों ने फर्द बयान में एक लड़की का भी जिक्र किया है। परिजनों ने बताया कि मंदिर के पास की एक लड़की बाला से मौत के एक दिन पहले मिलने आयी थी। पहले वह शुक्रवार को दोपहर में आयी। घर में घंटों रही और बाला से बातचीत कर रही थी। उसके बाद फिर देर शाम लड़की आयी और दोनों ने अकेले में घंटों बातचीत की। दोनों ने साथ में खाना भी खाया था।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे। लेकिन अलग-अलग जाति होने के कारण लड़की के परिवार वाले इस बात से इनकार कर रहे थे। उस दिन खाना खाने के बाद जब रात को लड़की घर लौट गई, तो बाला ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। उसके बाद सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला। बाला एक बार जेल भी जा चुका है।