सैनिक के धड़कते हुए दिल से निकाली गोली! बच गई यूक्रेन के सिपाही की जान

दुनिया
Spread the love

यूक्रेन। रूस और यूक्रेन का युद्ध जारी है। इस बीच दोनों तरफ के हजारों जवान इस जंग का बुरा असर झेल रहे हैं। कई सैनिकों की जान जा चुकी है और कई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस बीच एक यूक्रेन के सैनिक से जुड़ी खबर ने सभी को चौंका दिया है। इस सैनिक के दिल पर गोली लगी मगर डॉक्टरों की टीम ने मिलकर इस जवान के धड़कते हुए दिल से गोली निकालकर उसकी जान बचा ली है।

डॉक्टरों के इस करिश्मे ने हर किसी को हैरान कर दिया है। मेडिकल हिस्ट्री में ये मामला जरूर याद रखा जाएगा क्योंकि यूक्रेन और बेलारूस के डॉक्टरों ने मिलकर एक जवान की जान बचाने के लिए बेहद मुश्किल ऑपरेशन को अंजाम दिया है। डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार यूक्रेन की राजधानी कीव में स्थित अस्पताल में तब एक सैनिक को तुरंत लाया गया जब रूस से लड़ते वक्त उसके सीने में गोली लग गई थी। उसे तुरंत ही ओपन हार्ट सर्जरी के लिए ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार सैनिक का दिल धड़क रहा था और उसी में से डॉक्टरों ने गोली भी निकाली। हैरानी की बात यही थी कि इस दौरान दिल, शरीर को खून बराबर सप्लाई कर रहा था। यूक्रेन के साथ बेलारूस के भी डॉक्टर इस मुश्किल ऑपरेशन में मौजूद थे। बड़ी ही मुश्किल से जवान के सीने से गोली निकाली गई और इस तरह उसकी जान बच सकी।