लोहरदगा में रामनवमी जुलूस पर पथराव मामले में 8 लोगों को जेल

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

  • पीड़ि‍तों से मिलने आ रहे पूर्व सीएम रघुवर दास को रोका

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। रामनवमी जुलूस के दौरान ग्राम हिरही में पथराव और आगजनी मामले में प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया गया। अब तक घटना में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। पीड़ि‍तों से मिलने आये पूर्व मुख्‍यमंत्री रघुवर दास को पिकेट के पास रोक दिया गया। घटना के विरोध में कुडू बंद रहा।

जानकारी हो कि 10 अप्रैल, 2022 को रामनवमी का जुलूस पर हिरही ग्राम में पथराव किया गया था। इस अवसर पर लगे मेले में आगजनी की गई थी। इस क्रम में 10 से ज्यादा मोटरसाइकिल और एक पिकअप वैन को आग के हवाले कर दिया गयाथा। पथराव के बाद हिंसा हुई में लगभग 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। 4 लोगों की हालत गंभीर थी, जिन्‍हें इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया था।

हालात को देखते हुए एसडीओ अरविंद कुमार लाल ने लोहरदगा थाना अन्तर्गत ग्राम-हिरही, ग्राम-कुजरा, ग्राम-कुर्से एवं सम्बद्ध गांवों में धारा-144 के तहत तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक के लिए निषेधाज्ञा लगा दिया था।

जानकारी के मुताबिक इस घटना में अब तक 161 लोगों पर एफआइआर किया गया है। इसमें 62 नामजद हैं। आठ लोगों की गिरफ्तारी हुई है। उन्‍हें आज जेल भेज दिया गया। पूर्व सीएम रघुवर दास पीड़ि‍तों से मिलने आ रहे थे। उनके पिकेट के पास रोक दिया गया। घटना में अब तक तीन लोगों की मौत की सूचना है। हालांकि एक की ही पुष्टि प्रशासन ने की है। अन्‍य की अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के विरोध में बजरंग दल ने कुडू बंद का आह्वान किया है। सभी दुकानें स्‍वत: बंद हैं।