मंगलवार की रात से गायब था युवक, शुक्रवार को पड़ से लटकता मिला

अपराध झारखंड
Spread the love

अरविंद अग्रवाल

पलामू। मंगलवार रात से युवक गायब था। शुक्रवार को उसका शव पेड़ से लटकता मिला। यह घटना झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के कर्मा चेराएं रोड बरछाही गांव की है। यहां एक युवक का शव सलैया टोला के गोरमडी पहाड़ पर चिलबिल के पेड़ से लटका मिला। सूचना पर छतरपुर पुलिस पहुंची। परिजन ने हत्याकर शव लटकाने की आशंका जताई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि परिवार की ओर से तीन दिन पहले से घर से युवक के गायब होने की बात बताई गई।

शव की पहचान थाना क्षेत्र के बरछाही गांव निवासी 40 वर्षीय संजय सिंह के रूप की गई है। मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक मंगलवार की देर रात करीब दो बजे अपने घर के बाहर पुआल पर सोया हुआ था। उसके बाद बिना कुछ बताएं घर से चला गया था। देर रात जब वह घर नहीं आया, तब परिजन ने खोजबीन शुरू की। मगर उसका पता नहीं चला।

शुक्रवार को सुबह करीब 7 बजे सलैया टोला के गोरमडी पहाड़ पर चरवाहों ने संजय सिंह का शव चिलबिल के पेड़ पर रस्सी के सहारे लटका देखा। इसी बीच सूचना पाकर पुलिस और परिवार के लोग वहां पहुंच गए। परिजनों ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया। संजय सिंह क्रेशर पर पत्‍थर तोड़ाई का काम कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था।

मामले में थाना प्रभारी शेखर कुमार ने बताया कि युवक के परिवार की ओर से अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।