सीएम नीतीश से तीखी बहस के बाद आज सदन नहीं पहुंचे स्पीकर, आरजेडी ने लगाया ये आरोप

देश बिहार
Spread the love

पटना। बड़ी खबर बिहार से आयी है। सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विधानसभा अध्यक्ष के बीच तीखी बहस हुई थी। नतीजा यह हुआ कि आज मंगलवार को अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा सदन नहीं पहुंचे। उनकी जगह बीजेपी विधायक प्रेम कुमार ने कार्यवाही का संचालन किया।

वहीं सोमवार को आसन के प्रति सीएम नीतीश कुमार के व्यवहार पर सदन में हंगामे के बीच संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने सफाई दी। विजय चौधरी ने कहा कि सीएम ने आसन से हाथ जोड़ कर प्रार्थना की थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो भी बातें कहीं, वह संविधान में हैं।

इधर सदन की कार्यवाही शुरू होते ही आरजेडी विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। सदन में स्पीकर के साथ हुये व्यवहार का आरजेडी विधायकों ने निंदा की और बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध किया। आरजेडी विधायकों ने सदन में जोरदार हंगामा किया, जिसके बाद विजय कुमार सिन्हा की अनुपस्थिति में सदन का संचालन कर रहे प्रेम कुमार ने सदन को 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

आरजेडी विधायकों ने कहा कि सोमवार को सदन में लोकतंत्र की हत्या हुई है। आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि स्पीकर सदन में मौजूद रहें। इसके बाद मुख्यमंत्री सदन में आकर बतायें सोमवार को क्या हुआ था। भाई बीरेंद्र ने कहा, ‘हम सभी विधानसभा अध्यक्ष के साथ हैं। जिस तरह उनको अपमानित करने का काम किया गया है, यह ठीक नहीं है।

भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि सीएम नीतीश कुमार सदन मनमर्जी तरीके से चलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का यह व्यवहार संविधान के खिलाफ है।