हजारीबाग में सोहराय कला की शूटिंग, करीब 200 देशों के लोग देखेंगे झारखंड की कला-संस्कृति

झारखंड
Spread the love

हजारीबाग। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग रांची की ओर से झारखंड राज्य के प्रमुख पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों को विश्व पटल के मानचित्र पर उकेरने के उद्देश्य से सभी जिलों के चिह्नित स्थानों की डॉक्यूमेंट्री फिल्म बना रही है।

यह डॉक्यूमेंट्री फिल्म लगभग 200 देशो में देखे जाने वाली नेशनल जियोग्राफिक चैनल बना रही है। इसी क्रम में आज नेशनल जियोग्राफिक चैनल के क्रू मेंबर ने हजारीबाग स्थित चूरचू प्रखंड के ओरिया गांव के सोहराय विलेज में शूटिंग की।

20 क्रू मेंबर की टीम आज जिला जनसंपर्क कार्यालय के पदाधिकारियों के साथ शूटिंग स्थल पहुंची। वहां उन्होंने ग्रामीण महिलाओं की ओर से अपने घरों की दीवारों पर बनाए हजारीबाग की बहुचर्चित सोहराय आर्ट को अपने कैमरो में कैद किया। इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म में दर्शक एंकर के रूप बहुचर्चित फिल्म अभिनेत्री रशिका दुग्गल को देख पाएंगे।

15 मिनट की इस फिल्म में हजारीबाग के तीन स्थानों का चयन किया गया है। यह स्थान चूरचू ओरिया का सोहराय गांव, बड़कागांव का इस्को गुफा एवं झारक्राफ्ट है, जिनका फिल्मांकन आने वाले दिनों में किया जाएगा। हजारीबाग के स्थलों के चयन के लिए नेशनल जियोग्राफिक की एक रिसर्च टीम कुछ दिन पूर्व जिले का भ्रमण किया था।

नेशनल जियोग्राफिक टीम के साथ जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचांनन उरांव, प्रखंड विकास पदाधिकारी इंदर कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी परिमल कुमार एवं धर्मेंद्र सिंह मौजूद थे।