रांची। झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में इलाजरत चारा घोटाला मामले के आरोपी लालू प्रसाद यादव की सेहत बिगड़ गई है। इस वजह से उन्हें रांची स्थित रिम्स से नई दिल्ली एम्स शिफ्ट किया जायेगा।
रिम्स के मेडिकल बोर्ड की मंगलवार को 12 बजे हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। संभावना है कि एयर एंबुलेंस से उन्हें दिल्ली ले जाया जायेगा। इसके मद्देनजर रिम्स से रांची एयरपोर्ट तक ग्रीन कॉरिडोर भी बनाया जा सकता है।
रिम्स मेडिकल बोर्ड के अध्यक्ष डॉ विद्यापति ने बताया कि लालू प्रसाद यादव की किडनी के फंक्शन में लगातार गिरावट आ रही है। मंगलवार को हुई जांच में उनकी क्रिएटनिन लेवल 4.6 पाया गया है। यह एक खतरनाक संकेत है, इसलिए उन्हें तत्काल हायर मेडिकल सेंटर ले जाये जाने की जरूरत है।