दिल्ली एयरपोर्ट पर बिगड़ी राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत, एम्स को आखिरकार करना पड़ा एडमिट

झारखंड
Spread the love

रांची। बड़ी खबर दिल्ली से आ रही है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत अधिक बिगड़ने के बाद दिल्ली एम्स प्रबंधन को आखिरकार एडमिट करना पड़ा। एम्स की ओर रांची रिम्स में ही इलाज कराने की सलाह देने के बाद लालू रांची पहुंचने के लिए दोपहर में दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच चुके थे, जहां उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गयी। एयरपोर्ट से तत्काल उन्हें एम्स ले जाया गया। जहां इमरजेंसी में जांच के बाद उन्हें एडमिट कर लिया गया है।

इससे पहले रात में गहन जांच के बाद एम्स के चिकित्सकों ने भर्ती से इंकार करते हुए उन्हें रांची रिम्स में ही इलाज कराने की सलाह दी थी। यहां बता दें कि चारा घोटाले से जुड़े डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी मामले में लालू प्रसाद यादव को सीबीआई की विशेष अदालत ने पांच साल कैद की सुनाई है। इसके बाद से वह लगातार रांची रिम्स में इलाजरत थे। रिम्स में तबीयत अधिक बिगड़ने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें एक दिन पूर्व ही दिल्ली एम्स रेफर किया था।

इसके बाद एयर एंबुलेंस से लालू प्रसाद दिल्ली एम्स पहुंचे थे, जहां गहन जांच के बाद चिकित्सकों ने पहले भर्ती करने से इंकार कर दिया था। लालू के साथ उनकी बेटी और राज्यसभा सदस्य मीसा भारती, मनोज झा, भोला यादव समेत निकटस्थ लोग हैं।