मुंबई। रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या कुछ समय से धनुष से अलगाव को लेकर खूब सुर्खियों में रहीं। खैर, अब ऐश्वर्या अपनी जिंदगी में आगे बढ़ काम पर फोकस कर रही हैं। साउथ के बाद वह बॉलीवुड में अपनी किस्मत आजमाने वाली हैं। वह अपनी पहली हिंदी फिल्म का निर्देशन करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
खुद ऐश्वर्या ने इस फिल्म की घोषणा कर दी है। ऐश्वर्या ने इंस्टाग्राम पर अपनी पहली हिंदी फिल्म का पोस्टर शेयर किया। इसमें एक खाली गली का नजारा दिख रहा है, जिसमें बंद घरों के बाहर एक साइकिल खड़ी है। इसके साथ ऐश्वर्या ने लिखा, ‘मेरा हफ्ता इससे बेहतर शुरू नहीं हो सकता।
हिंदी में अपने निर्देशन में बनने वाली पहली फीचर फिल्म ‘ओ साथी चल’ की घोषणा कर उत्साहित, खुश और धन्य महसूस कर रही हूं। यह एक असाधारण सच्ची प्रेम कहानी है, जिसके निर्माता मीनू चोपड़ा हैं।’ ऐश्वर्या ना सिर्फ निर्देशक, बल्कि एक बेहतरीन प्लबैक सिंगर के रूप में भी दक्षिण भारतीय सिनेमा में अपनी एक खास पहचान बना चुकी हैं।
बता दें, ऐश्वर्या-धनुष इस साल जनवरी में अलग हुए थे। दोनों ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी थी।