पत्रकार पर दोहरी मार, पहले पड़े बीमार, फिर घर में चोरों ने कर दिया हाथ साफ

झारखंड
Spread the love

रांची। रांची स्थित ऊपर हटिया चाईबासा टोली के पत्रकार सुबोध कुमार शर्मा को दोहरी मार झेलनी पड़ी है। पिछले 15 दिन से वह बीमार थे और किडनी रोग से पीड़ित थे। रिम्स में उनका इलाज चल रहा था। दो दिन पहले बहन के घर धुर्वा रहने चले गए कि थोड़ा आराम मिलेगा। चूंकि हटिया में वह अपनी इकलौती बेटी के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी का देहावसान हो चुका है।

बड़ी उम्मीद से बेटी को पढ़ा रहे हैं कि किसी प्रकार उसे मां की कमी नहीं खले। इसी दौरान बुधवार की रात उनके बंद घर को निशाना बनाया और तीन लाख मूल्य के गहने, परिधान, मोबाइल समेत कई सामान ले उड़े। यह गहने उनकी पत्नी की आखिरी निशानी थी, जिसे पत्रकार सुबोध बड़े सहेजकर रखे थे। यह कीमती जेवरात भविष्य में उनकी बिटिया की शादी में काम आता। लेकिन उन चोरों को ऐसे मजबूर इंसान के दु:ख-दर्द की क्या परवाह।

बहरहाल इस संबंध में भुक्तभोगी पत्रकार सुबोध कुमार शर्मा ने स्थानीय जगन्नाथपुर थाने में चोरी से संबंधित प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे पत्रकार सुबोध कहते हैं कि एक तो किडनी बीमारी से दो बार डायलिसिस की परेशानी झेलनी पड़ी। मुश्किल से दवा आदि की खरीदारी की। बेटी को पढ़ाने में भी खर्च हो रहे हैं और घर अलग से चलाना है।

ऐसे में इतने सामान की चोरी चले जाने से उनकी आर्थिक स्थिति खस्ता हो गई है। आगे जीवन चलाने के लिए भी सोचना पड़ रहा है। उन्होंने थानेदार से चोरों को पकड़ने और सामान बरामदगी का आग्रह किया है। इधर पत्रकारों ने इस घटना पर दु:ख प्रकट करते हुए प्रशासन से मांग की है कि चोरों की जल्द गिरफ्तारी हो।

हाल के दिनों में इस इलाके में चोर काफी सक्रिय हो गए हैं। यह चोरी की कोई पहली वारदात नहीं है। पहले भी कई चोरियां हो चुकी हैं। पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। सिर्फ आश्वासन मिलता है और चोर फिर नए घर को निशाना बना लेते हैं।