महंगाई से मोदी सरकार में आवश्यक वस्तुएं भी लोगों की पहुंच से दूर : कांग्रेस

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता आभा सिन्हा ने कहा है कि कोरोना काल में आर्थिक मंदी के कारण लाखों लोगों की आय में बेतहाशा कमी आई है। लोगों का रोजगार छिन गया गया है। देश में मंहगाई थमने का नाम ही नहीं ले रही है। कोरोना की दूसरी लहर से वस्तुओं के मूल्यों में वृद्धि होने का सिलसिला जारी है। केन्द्र की भाजपा सरकार लगातार बढ़ती कीमतों का बोझ आम जनता पर डालकर उन पर बेरहमी से प्रहार कर रही है।

श्रीमती सिन्‍हा ने कहा कि भाजपा सरकार में लगातार महंगाई बढ़ रही है। रसोई गैस सिलिंडर हजार के पार पहुंच चुका है। पेट्रोल-डीजल 100 रुपये पार हो गए हैं। सरसों का तेल 200 रुपये लीटर मिल रहा है। एक व्यक्ति को जीने के लिए रोटी, कपड़ा और मकान की जरूरत होती है, लेकिन आवश्यक वस्तुओं की मूल्य वृद्धि ने उस तक पहुंच भी बाधित कर दी है। भाजपा सरकार ने अच्छे दिन का वादा किया था, लेकिन केन्द्र में सरकार बनाते ही अपने सभी वादे भूल गई।

प्रवक्‍ता ने कहा कि मोदी सरकार ने अपने शासनकाल में देश की आर्थिक विकास दर, जीडीपी काफी पीछे कर दिया है। इससे देश सात वर्ष पीछे चला गया है, जो देश हित में एक गंभीर चिंता का विषय है।