राज्यपाल ने पांच डॉक्टरों पर केस करने का दिया आदेश, डीसी ने एक का नाम हटाया, दी यह सफाई

झारखंड
Spread the love

रांची। राज्यपाल रमेश बैस ने रेडक्रॉस सोसाइटी में वित्तीय अनियमितता की शिकायत पर कमेटी को तत्काल प्रभाव से भंग कर इनमें संलिप्त पांच डॉक्टरों पर एफआइआर दर्ज कराने का निर्देश दिया था। लेकिन लगभग एक माह के बाद रांची के उपायुक्त सह इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी रांची शाखा के अध्यक्ष ने सोसाइटी के कार्यवाहक अध्यक्ष को डॉ अशोक कुमार प्रसाद का नाम हटा कर चार डॉक्टरों पर ही एफआइआर करने का निर्देश दिया है।

राज्यपाल ने 21 फरवरी को रेड क्रॉस सोसाइटी की रांची शाखा कमेटी को भंग कर दोषी पाये गये डॉ सुशील कुमार, तत्कालीन सचिव डॉ उषा नरसरिया, तत्कालीन सदस्य डॉ अशोक कुमार प्रसाद, सदस्य डॉ जय प्रकाश गुप्ता व कोषाध्यक्ष मलकेट सिंह के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई एवं एफआइआर का आदेश दिया था।

उपायुक्त की ओर से हस्ताक्षरित यह निर्देश कार्यालय, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, रांची (उप विकास आयुक्त, रांची की गोपनीय शाखा) के लेटर पैड पर दिया गया है। रांची के उपायुक्त छविरंजन ने कहा है कि शुरुआत में गवर्नर को जो रिपोर्ट भेजी गई थी, उसमें से एक की गड़बड़ी में कोई भूमिका नहीं मिली है, इसलिए उसका नाम केस से हटा दिया गया है। इस संबंध में गवर्नर को पत्र भेजकर पुनर्विचार करने का भी आग्रह किया गया था।