चक्रवात ‘आसनी’ की आहट, जानें कहां होगा असर

देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्‍ली। चक्रवात ‘आसनी’ की आहट हो गई है। इसके असर के मद्देनजर लोगों को सावधान किया जा रहा है। भारतीय तटरक्षक बल के एहतियाती उपाय जारी है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके 21 मार्च को एक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके बाद चक्रवात उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ सकता है। 22 मार्च, 2022 की सुबह बांग्लादेश-उत्तर म्यांमार तटों के आसपास पहुंचने की संभावना है।

संभावित चक्रवात ‘आसनी’ के लिए भारतीय तटरक्षक बल के एहतियाती उपाय जारी हैं। बंगाल की दक्षिण-पूर्वी खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर पर आईसीजी जहाजों और विमानों ने समुद्र में सभी नाविकों और मछुआरों को मौसम की चेतावनी दी।

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह प्रशासन ने फोरशोर सेक्टर (पोर्ट ब्लेयर और आसपास के द्वीपों के बीच की सेवाएं) में जहाज़ों की निर्धारित नौकायन को रद्द किया है। यात्रियों के लिए हेल्पलाइन नंबर 03192-245555/232714 और टोल-फ्री नंबर – 1-800-345-2714 जारी किया है।