अपराधियों ने रांची के बुंडू में आजसू नेता को मारी गोली

अपराध झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के बुंडू में अपराधियों ने शनिवार की अहले सुबह जमकर फायरिंग की। इसमें एक आजसू लेता गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बुंडू निवासी वरिष्ठ आजसू नेता राजकिशोर कुशवाहा को आज शनिवार की सुबह अपराधियों ने गोली मार दी।

राज किशोर कुशवाहा मॉर्निंग वॉक पर कुत्ते को घुमाने निकले थे। उसी दौरान अपराधियों ने उन पर हमला किया। राजकिशोर एक संगठन जय हो सेवा संस्था के संस्थापक और रांची जिला आजसू पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष हैं। उनके हाथ में गोली लगी है। घटना की सूचना मिलते ही बुंडू डीएसपी अजय कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए।

घटना स्थल से बुंडू पुलिस ने 7.65 एमएम का खोखा बरामद किया है। वहीं क्षेत्र में चर्चा है कि राजकिशोर पर टेंडर विवाद में हमला किया गया है। पुलिस इस बिंदु पर जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह करीब 4:30 बजे राजकिशोर अपने घर से कुत्ते को लेकर मॉर्निंग वाक के लिए निकले थे।

इसी बीच घात लगाये अपराधी ने उनपर हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गये हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें गोली मारने चार अपराधी आए थे।अपराधियों का पुलिस पता लगा रही है।