कटिहार में दर्जनों ट्रकों के साथ गंगा में समाया मालवाहक जहाज, बिहार आ रहे कई लोग लापता

देश बिहार
Spread the love

कटिहार। बिहार स्थित कटिहार के मनिहारी में एक भीषण हादसा हुआ है, जहां एक मालवाहक जहाज गंगा में समा गया। जहाज पर करीब एक दर्जन ट्रकों के होने की बात सामने आ रही है। सभी ट्रकों पर उनके चालक व खलासी भी साथ थे। इस हादसे में कई लोग गंगा में डूब गए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल सक्रिय हो चुका है। स्थानीय प्रशासन मौके पर मौजूद है, जबकि एनडीआरएफ दस्ते की मदद मांगी गई है। जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात को एक मालवाहक जहाज झारखंड के साहिबगंज से मनिहारी की तरफ जा रहा था। अचानक कटिहार के मनिहारी क्षेत्र में जहाज अनियंत्रित होने लगा और देखते ही देखते गंगा में समा गया। इस जहाज पर दर्जनों ट्रक सवार थे, जो स्टोन से लदे हुए थे।

बताया जाता है कि रोजाना ऐसे ही ट्रकों को सवार कर इन जहाजों का आवागमन होता रहा है। जहाज के गंगा में डूबने की सूचना से प्रशासन में हड़कंप मच गया। साहेबगंज और कटिहार प्रशासन फौरन हरकत में आ गया। एनडीआरएफ की मदद भी मांगी गई है। जानकारी मिलने के बाद देवघर से एनडीआरएफ दस्ते के रवाना होने की सूचना है। इस घटना में कई लोगों के लापता होने की बात कही जा रही है।

झारखंड के साहिबगंज से कटिहार के मनिहारी के बीच की दूरी करीब सात किलोमीटर है। आवागमन के लिहाज से यह जहाज बेहद असुरक्षित माना जाता रहा है। करीब तीन दशक पहले मनिहारी और साहिबगंज के बीच स्टीमर दुर्घटना में 300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी थी। एक बार फिर बड़े हादसे ने यहां दस्तक दी है।