शादी में खाना खाने के बाद 300 लोगों को हुआ फूड प्वाइजनिंग, अस्पताल में हुई बेड की कमी

देश मध्य प्रदेश
Spread the love

मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के खंडवा में एक शादी समारोह के दौरान खाना खाने से लगभग 300 लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां इनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि मिठाई में कोई खराबी होने से लोगों की तबीयत बिगड़ गई। खाना खाने के बाद एक-एक कर उल्टी-दस्त के मरीज अस्पताल पहुंचने लगे। इन मरीजों में महिला, बच्चों सहित बुजुर्ग भी शामिल हैं। खंडवा के हजरत खान शाह वर्ली वार्ड में एक शादी समारोह का आयोजन था। रात को खाने का कार्यक्रम रखा गया था।

यहां लगभग 500 लोगों ने खाना खाया, जिसमें से लगभग 300 लोगों को फूड प्वाइजनिंग की शिकायत हो गई। फूड पॉइजनिंग के चलते उल्टी दस्त के शिकार हुए मरीजों को जिला अस्पताल सहित प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती किया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

जब एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मरीज जिला अस्पताल पहुंचे, तो अस्पताल में बेड की कमी हो गई। बेड न होने से जमीन पर ही लेटा कर उनका इलाज किया जा रहा है। मरीजों के मुताबिक, मिठाई का मावा खराब होने से सभी की तबीयत बिगड़ी है। हालांकि अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई कि किस कारण वे फूड प्वाइजनिंग का शिकार हुए।