घर की नींव खोद रहा था ग्रामीण, कुछ ऐसा मिला कि‍ इलाके में होने लगी चर्चा

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। ग्रामीण घर बनाने के लिए नींव खोद रहा था। इस क्रम में उसे कुछ ऐसी चीजें मिली कि इलाके में चर्चा होने लगी। लोग दूर-दूर से उसके घर पहुंचने लगे। यह घटना झारखंड के लोहरदगा जिले के बमन्डिहा सरना टोली की है।

जानकारी के मुताबिक ग्रामीण सह किसान सुमंत टाना भगत अपना घर बनाने के लिए नींव की खुदाई कर रहा था। इस दौरान जमीन के अलग-अलग हिस्से से कई प्राचीन सामग्री उसे मिली। सबों को उन्‍होंने सुरक्षित रखा है।

अब तक जिला प्रशासन को इसकी सूचना नहीं मिली है। इन सभी सामग्री को लोहरदगा और झारखंड के प्राचीन इतिहास से जोड़कर देखा जा रहा है। लोहरदगा की भूमि पर कई सशस्त्र विद्रोह और आंदोलन हुए हैं। इनमें लरका आंदोलन और 1857 की क्रांति के दौरान भी यहां पर युद्ध हुए है।

स्‍थानीय लोगों के मुताबिक किसान द्वारा नींव खोदने पर तीर धनुष, गदा, कुल्हाड़ी, प्राचीन हथियार और औजार मिले हैं। जानकार बताते हैं कि सारे हथियार और प्राचीन अवशेष उसी दौर की घटनाओं से जुड़े हुए हैं। पूरा लोहरदगा क्षेत्र वीर बुधु भगत का रहा है।

प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इन्हें यहां छिपाया गया था। हालांकि इसका खुलासा पुरातात्विक जांच से ही हो सकता है।