साउथ अफ्रीका के माली में फंसे दस मजदूर लौटे, 33 मजदूरों में से अंतिम जत्था भी पहुंचा रांची

झारखंड
Spread the love

रांची। राहत भरी खबर है। साउथ अफ्रीका में फंसे झारखंड के दस मजदूर शनिवार को घर पहुंच गये। सभी मजदूर साउथ अफ्रीका के माली में फंसे थे। कुल 33 मजदूरों में दस मजदूरों की वापसी हुई, जो अफ्रीका में फंसे मजदूरों का यह अंतिम जत्था है। इसके पहले भी इन मजदूरों को अलग-अलग समय पर वापस लाया गया। सभी मजदूर हजारीबाग और गिरिडीह के हैं।

श्रम कंट्रोल रूम के सहयोग ये मजदूर वापस आये। यहां बता दें कि 16 जनवरी 2022 को मजदूरों ने सोशल मीडिया के जरिये खुद के माली में फंसे होने की जानकारी दी थी। श्रम मंत्री कार्यालय ने संज्ञान लेते हुए घटना पर उचित करवाई के लिए झारखंड प्रवासी नियंत्रण कक्ष को निर्देशित किया।

इसके बाद मजदूरों की ट्रैकिंग की गयी। इसके साथ ही मामले की जानकारी देते हुए भारतीय दूतावास, माली से भी संपर्क किया गया। इसके बाद कंपनी, ठेकेदार एवं मजदूरों के प्रतिनिधियों को दूतावास कार्यालय बातचीत के लिए बुलाया गया। जिसके बाद मजदूरों की वापसी हो सकी।

सभी मजदूर कल्पतरू पावर ट्रांसमिशन में कार्यरत थे। नियुक्ति के तीन महीने बाद ठेकेदार ने मजदूरों को वेतन देना बंद कर दिया। जिसके बाद मजदूरों ने सोशल मीडिया में इसकी जानकारी दी।