रूपेश पांडे के परिवार से मिलने जा रहे भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष को पुलिस ने रोका

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

हजारीबाग। रूपेश पांडे के परिजनों से मिलने जा रहे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्‍यसभा सांसद दीपक प्रकाश को हजारीबाग पुलिस ने चरही में रोक दिया। इससे पहले भाजपा नेता कपिल मिश्रा को भी झारखंड पुलिस ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर रोक दिया था।

दीपक प्रकाश को 144 का हवाला देते हुए नेशनल हाईवे के किनारे बैठा दिया गया। उनके साथ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय, मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू भी हैं। प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि बिना वजह उनलोगों को यहां रोका गया है।

जानकारी हो कि झारखंड में हजारीबाग के बरही में छह फरवरी को सरस्वती पूजा के विसर्जन के दिन भीड़ ने रूपेश पांडे की पीटकर हत्या कर दी थी। स्वजनों ने 23 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना को लेकर हिंदुवादी संगठनों द्वारा पूरे झारखंड में धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। हत्यारे को फांसी देने की मांग की जा रही है।

इसे लेकर भाजपा हमलावर हो गई है। राज्‍य के सभी जिलों में भाजपा ने 17 फरवरी को मशाल जुलूस निकाला था। राज्य सरकार का पुतला दहन किया था। प्रदेश के सभी जिलों में हजारों कार्यकर्ता हाथ में मशाल लेकर सड़क पर उतरे। राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। रूपेश के हत्यारों को फांसी दिलाने, मॉब लिंचिंग में नामजद हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की।