लोहरदगा से फरार माओवादी कमांडर पलामू-लातेहार सीमा से गिरफ्तार, पांच लाख का है इनामी

झारखंड
Spread the love

आनंद सोनी

लोहरदगा। लोहरदगा में पिछले दिनों पुलिस और सीआरपीएफ जवानों की ओर से 10 दिनों तक नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ भी हुई। इस मुठभेड़ में फरार टॉप माओवादी कमांडर पलामू और लातेहार सीमा से गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार नक्सली का नाम सुदर्शन भुइया उर्फ नंद किशोर भारती है। पुलिस और सीआरपीएफ के वरीय अधिकारी गिरफ्तार सुदर्शन से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस नक्सली पर पांच लाख का इनाम है। इसको लेकर विज्ञापन भी जारी किया गया था।

लोहरदगा के पेशरार इलाके में माओवादी कमांडर रवींद्र गंझू के खिलाफ झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ ने लगातार 10 दिनों तक अभियान चलाया था। इस अभियान के दौरान पुलिस और माओवादियों में कई बार मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में गिरफ्तार माओवादी कमांडर चकमा देकर भाग निकला था। बताया जा रहा है कि पेशरार जंगल से निकलने के बाद फरार नक्सली पलामू और लातेहार के सीमावर्ती इलाके में छिपा था। इसकी सूचना पुलिस को मिली।

सूचना के आधार पर पलामू व लातेहार पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की और माओवादी कमांडर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार नक्सली को लातेहार पुलिस अपने साथ ले गई है।