समेकित कृषि प्रणाली अपनाकर सालाना लाखों कमा रही कमला

कृषि झारखंड
Spread the love

  • महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणास्रोत

जमशेदपुर। घाटशिला प्रखंड की उल्दा पंचायत के पुतड़ू गांव की निवासी कमला महतो अपने क्षेत्र में प्रगतिशील महिला किसान के रूप में जानी जाती हैं। वह धान के अलावा सब्जी, दलहन, तेलहन की खेती करती है। पशुपालन भी करती है। समेकित कृषि प्रणाली अपनाकर आय के सलाना स्रोत को मजबूत की है। यह सब कृषि विज्ञान केन्द्र से उचित तकनीकी प्रशिक्षण और आत्मा-कृषि विभाग के सतत् मार्गदर्शन एवं सहयोग से संभव हुआ है।

आर्गेनिक अमरूद का उत्‍पादन

कमला बताती हैं कि उनके पास 7 एकड़ जमीन है। इसमें 3 एकड़ सिंचित और 4 एकड़ असिंचित जमीन है। 1 एकड़ जमीन में सिर्फ अमरूद का बगान है। इसमें अपने पति के साथ मिलकर 100 अमरूद का पौधा लगाई हैं। अमरूद के पौधों में कोई रासायनिक खाद का उपयोग नहीं की है। सिर्फ गोबर खाद और नीम खल्ली, करंज खल्ली दिया है। पूरी तरह आर्गेनिक अमरूद का उत्पादन होता है। अमरूद के पेड़ में हर साल लगभग 35-36 क्विंटल अमरूद का फल आता है।

कृषि विज्ञान केन्‍द्र में प्रशिक्षण

3 एकड़ जमीन में लौकी, नेनुआ, ककड़ी, खीरा, भिंडी, टमाटर, फुलगोभी, बंधागोभी, बीन, साग और आलू आदि की खेती की है। इसके अलावे मूंग एवं सरसों भी लगाया है। सब्जी उत्पादन एवं समेकित कृषि प्रणाली को विस्तार से समझने के लिए कमला महतो ने कृषि विज्ञान केन्द्र दारीसाई से प्रशिक्षण लिया। आत्मा द्वारा लगातार सहयोग एवं कृषि वैज्ञानिक के मार्गदर्शन में कमला खेती-बाड़ी में परांगत हो गई हैं।

पशुपालन आय का दूसरा स्रोत

कमला धान एवं सब्जी की खेती के अलावा पशुपालन कर अपने आय को मजबूत कर रही हैं। इनके पास 2 गाय, 30 मुर्गी, 10 बत्तख, 6 बकरी और 40 कबूतर है। कमला खरीफ मौसम में 3 एकड़ जमीन पर हाइब्रीड धान की खेती श्रीविधि के तहत लाईन सोईंग से की है। शेष जमीन में मक्का की खेती कर नकद लाभ अर्जित किया है।

महिला समिति से जुड़ी है

कमला दीपशिखा सखी मंडल महिला समिति से जुड़ी हुई। खेती-बाड़ी के लिए समूह के मासिक बचत से छोटे-छोटे ऋण लेकर खेती करती है। समय पर ऋण चुकता कर फिर से ऋण लेकर सिर्फ खेती में पूंजी लगाती हैं। इससे पूंजी की समस्या का समाधान हो गया। परिवार की आर्थिक स्थिति काफी सुदृढ़ हुई है। समेकित कृषि प्रणाली को अपना कर कमला महतो व्यवासयिक तौर पर खेती कर सलाना 2 लाख से अधिक का कमाई कर रही है।