पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया जिले से एक चौंकाने वाली खबर आयी है। यहां बारातियों को देर से खाना मिलने से नाराज दूल्हे और उसके परिवार वाले बिन शादी किये ही वापस लौट गये। यह घटना पूर्णिया जिले के कसबा थाना क्षेत्र की मोहनी पंचायत स्थित बौतना ईश्वरी टोला की है।
दरवाजे से बेटी की बारात लौट जाने से दुल्हन के माता-पिता सदमे में हैं। बेटी की शादी नहीं होने से परेशान लड़की के परिजनों ने कसबा थाने में दूल्हे और उसके पिता के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। लड़की की मां मीणा देवी की मानें, तो उनकी बेटी की शादी पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र स्थित अमारी कुकरौन निवासी फुलेश्वर उरांव के पुत्र राजकुमार उरांव से तय हुई थी।
निर्धारित समय पर बारात बौतना ईश्वरी टोल पहुंची थी। शादी की रस्मों को निभाने के दौरान बारातियों को खाना देने में थोड़ी देर हो गई। इससे दूल्हे और उसके पिता का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। दूल्हा, दूल्हे के पिता तथा बाराती बिना शादी की रस्म किये ही वापस लौट गये।