मॉब लिंचिंग में भी तुष्टिकरण कर रही हेमंत सरकार : दीपक प्रकाश

Uncategorized
Spread the love

रांची। हजारीबाग के बरही के युवक रूपेश पांडेय की हुई मॉब लिंचिंग के खिलाफ राज्‍य के सभी जिलों में भाजपा ने 17 फरवरी को मशाल जुलूस निकाला। राज्य सरकार का पुतला दहन किया। प्रदेश के सभी जिलों में हजारों कार्यकर्ता हाथ में मशाल लेकर सड़क पर उतरे। राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने रूपेश के हत्यारों को फांसी दिलाने, मॉब लिंचिंग में नामजद हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की।

रांची महानगर जिला द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद दीपक प्रकाश ने राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्‍होंने कहा कि यह सरकार मॉब लिंचिंग में भी तुष्टिकरण कर रही है। राज्य में विधि व्यवस्था की स्थिति भयावह है। अपराधी जिसे चाह रहे उसकी हत्या करने में सफल हो रहे हैं। प्रशासन तंत्र पूरी तरह विफल और निकम्मा साबित हो रहा।

प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि  राज्य में मॉब लिंचिंग की घटनाओं की बाढ़ आ गई है। महिला, आदिवासी, दलित कोई सुरक्षित नहीं है। इस सरकार के कार्यकाल में 10 से ज्यादा मॉब लिंचिंग के वारदात हुए हैं।

पिछले दिनों सरस्वती पूजा विसर्जन के दिन घर का चिराग रूपेश पांडेय की मॉब‍ लिंचिंग द्वारा जघन्य हत्या हुई है। यह राज्य को शर्मशार करने वाली घटना है। राज्य सरकार के इशारे पर प्रशासन तंत्र इस घटना को सांप्रदायिक चश्मे से देख रहा है। समुदाय विशेष की तुष्टिकरण की पराकाष्ठा यह सरकार कर रही है, जबकि प्रशासन का धर्म कानून के राज को स्थापित करना है।

भाजपा लगातार इस अन्याय और अत्याचार के खिलाफ जनता की अभिव्यक्ति बनी हुई है। प्रदेश भाजपा रूपेश पांडे के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए संकल्पित है। सड़क से सदन तक भाजपा लगातार आंदोलन करेगी। सरकार के मंत्री और सत्ताधारी विधायक भाजपा के आंदोलन से घबराकर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने मुंह पर ताला लगा लिया है।