‘हिजाब और भगवा के लिए मत लड़ो, हमारा बलिदान जाया मत करो’ : कश्मीर में शहीद हुए सैनिक का अंतिम संदेश

देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्ली। हिजाब और भगवा पर मत लड़ो। जब ऐसी चीजें देखते हैं तो हमें दुख होता है। यहां अपना कर्तव्य निभाते हुए हम मानते हैं कि देश के लोग अच्छे हैं। मानते हैं कि हम सभी भारत मां के बच्चे हैं। हमारे बलिदानों को जाया मत करो, प्लीज।

यह अंतिम संदेश कश्मीर हिमस्खलन में बुधवार को शहीद हवलदार अल्ताफ अहमद (37) का है। सैनिक अल्ताफ के मोबाइल से भेजे गए इस आखिरी वॉयस मैसेज को उनके साथी जवानों ने मीडिया के साथ साझा किया है। सैनिक के दोस्तों को भेजे वॉयस नोट में अल्ताफ देशवासियों से अपने मतभेदों को दूर करने की अपील कर रहे हैं।

अल्ताफ कहते हैं, ‘ठीक रहें। धर्म और जाति के नाम पर नहीं लड़ें। राष्ट्र के बारे में सोचें और अपने बच्चों को भी ऐसा करने के लिए सिखाएं।’

केरल से थे अल्ताफ

आर्मी ऑर्डिनेंस कोर का हिस्सा रहे केरल के कोडागु निवासी अल्ताफ कश्मीर में तैनात थे। वह अपने पीछे मां, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। अल्ताफ सेना की ऑर्डिनेंस कोर रेजिमेंट में 19 वर्षों से कार्यरत थे।