रांची। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद रांची में हैं। आज मंगलवार को पशुपालन घोटाले के सबसे बड़े मामले में फैसला आएगा। इसी सिलसिले में राजद सुप्रीमो रांची आये हुए हैं। उनके आगमन से जहां पार्टी नेताओं समेत अन्य नेता भेंट कर रहे हैं, वहीं सोमवार को उनकी बड़ी बेटी मीसा भारती भी रांची पहुंच गई हैं।
वह अपने पिता लालू यादव से मिलने रांची के स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचीं। पशुपालन घोटाले के सबसे बड़े मामले RC-47A/96 की सीबीआई के स्पेशल काेर्ट एसके शशि की अदालत में आरोपियों की ओर से बहस पूरी होने के बाद 15 फरवरी यानी आज मंगलवार को फैसला निर्धारित किया गया है। सीबीआई के स्पेशल कोर्ट ने फैसले वाले दिन राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव समेत अन्य सभी आरोपियों को कोर्ट में हाजिर होने का निर्देश दिया है। इसी सिलसिले में पिछले दिनों लालू प्रसाद रांची पहुंचे। वह राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में ठहरे हुए हैं।
लालू प्रसाद ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने को कहा है। साथ ही कहा कि बिहार में पार्टी की ओर से सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई है। ऐसे में झारखंड में भी सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ें। झारखंड में नई कमेटी का जल्द गठन होगा।
चारा घोटाले के पांच मामलों में से पांचवें और अंतिम मामले में सीबीआई की स्पेशल कोर्ट आज मंगलवार को लालू यादव सहित 99 आरोपियों के बारे में फैसला सुनाएगी। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन की ओर से 575 गवाहों की गवाही दर्ज कराई गई है। बचाव पक्ष की ओर से 25 गवाह पेश किए गए हैं।