भवन अध्यक्ष और राहुल बने झारखंड हाइवे वर्कर्स यूनियन के महासचिव, जानिए किस वजह से संगठित हुए श्रमिक

झारखंड
Spread the love

रांची। सूबे में झारखंड हाइवे वर्कर्स यूनियन का गठन किया गया है। सर्वसम्मति से मजदूरों ने भवन सिंह को अध्यक्ष और राहुल कुमार को महासचिव चुना है। वहीं नूर आलम कार्यकारी अध्यक्ष और शुक्रमणी देवी व बाल कृष्ण मंडल उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। शेख शाकिर व सविता देवी संयुक्त सचिव और विनोद सिंह कोषाध्यक्ष पद पर आसीन किए गए।

इसके अलावा 11 सदस्यीय कार्यसमिति का चुनाव किया गया। इसमें उपेंद्र महतो, अमरदीप सिंह धामी, जय प्रकाश यादव, एसके राय, संजीव कश्यप, दुग्गी देवी, सुशीला, संतोष कुमार भारती, सीता देवी, सुनील कुमार और जगाई देवी शामिल की गईं।

नवनिर्वाचित महासचिव ने बताया कि झारखंड से होकर गुजरने वाले नेशनल और स्टेट हाइवे जिसमें रिंग रोड भी शामिल है, उसका मेंटनेंस करने वाले मजदूरों, तकनीकी कर्मचारियों, एंबुलेंस सेवा आदि में लगभग 10 हजार श्रमिक काम करते हैं। लेकिन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और राज्य सरकार के स्वामित्व वाले स्टेट हाइवे जिसका निर्माण झारखंड सरकार का पथ निर्माण विभाग करता है, इन राजमार्गों के रख रखाव (मेंटेनेंस) का काम करने वाले अधिकांश श्रमिक ठेका मजदूर हैं।

उन्हें न तो झारखंड सरकार की न्यूनतम मजदूरी मिलती है और न ही अन्य सामाजिक सुरक्षा का कवरेज। मेंटनेंस करने वाली लगभग सभी कंपनियों का मुख्यालय भी राज्य से बाहर है। यह कंपनियां स्थानीय पेटी ठेकेदारों के माध्यम से काम कराती हैं और मजदूरों का बड़े पैमाने पर शोषण होता है।

ऐसे में राजमार्ग का मेंटेनेंस करने वाले स्किल्ड और अनस्कील्ड मजदूरों ने झारखंड हाइवे वर्कर्स यूनियन के नाम से एक यूनियन का गठन किया गया, जिसमें 10 जिलों से मजदूर प्रतिनिधि शामिल हुए। इस मौके पर सीआईटीयू (सीटू) के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव के अलावा भवन सिंह और अनिर्वान बोस भी मौजूद थे।