आकांक्षी जिला प्रभारी ने सिमडेगा के विकास का लिया जायजा

झारखंड
Spread the love

सिमडेगा। भारत सरकार आकांक्षी जिला प्रभारी अधिकारी कमलेश कुमार पंत ने आकांक्षी जिला की श्रेणी में शामिल झारखंड के सिमडेगा जिले के विकास कार्यों का जायजा लिया। उपायुक्त सिमडेगा सुशांत गौरव संग पर्यटक स्थल केलाघाघ, सदर अस्पताल, एथलेटिक्स स्टेडियम, इनडोर स्टेडियम, एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, जिला पुस्तकालय सहित कोचेडेगा के लुकीबहार में कृषि कार्य के मॉडल को देखा। सब्जी की फसल और गेहूं की लहलहाती फसल का जायजा लिया।

पंत सबसे पहले पर्यटक स्थल केलाघाघ पहुंचे। केलाघाघ डैम की खूबसूरती देख प्रभावित हुये। पर्यटक स्थल को विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन के द्वारा किये जा रहे कार्यों को सराहा। जिले में पर्यटन स्थल को विकसित करने की दिशा में किये जा रहे प्रयास के मुख्य बिन्दुओं से उपायुक्त ने उन्हें अवगत कराया। वहीं, डैम से निकली नहरों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सिंचाई सुविधा व कृषि कार्य के बारे में भी बताया। केलाघाघ में सुरक्षा व्यवस्था के साथ कैन्टीन की सुविधा को देख कहा कि केलाघाघ बहुत अच्छा लगा। पर्यटक स्थलों के विकास होने से न केवल पर्यटकों को लाभ मिलेगा, बल्कि आर्थिक गतिविधि को भी बल मिलेगा।

उसके बाद पंत सदर अस्पताल पहुंचे। वहां की स्वास्थ्य व्यवस्था को देख प्रभावित हुए। बच्चों की स्वास्थ्य सुविधा के लिए बने पीके वार्ड में मनोरंजन के साथ चिकित्सा व्यवस्था की प्रशंसा की। इसके उपरांत उन्होने कुपोषण उपचार केन्द्र का जायजा लिया। बच्चों को कुपोषण से मुक्त बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों को बेहतर बताया। बच्चों के ग्रोथ चार्ट की जांच की। उपायुक्त ने बताया कि किस प्रकार कुपोषित बच्चों को चिह्नित कर एमटीसी के माध्यम से स्वस्थ बनाते हुये स्थानीय स्तर पर पोषण की देख-रेख की दिशा में कार्य किये जा रहे है। अस्पताल की साफ-सफाई की सराहना की। प्रसव केन्द्र के नर्सों से मिल संस्थागत प्रसव की सुविधाओं की जानकारी ली। आईसीयू कक्ष में बहाल स्वास्थ्य व्यवस्था की प्रशंसा की। उपायुक्त ने कहा कि सदर अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा बहाल का प्रयास किया गया है, जिले में फिलहाल डॉक्टर की आवश्यकता है।

पंत एथलेटिक्स स्टेडियम एवं इन्डोर स्टेडियम का जायजा लिया। खेल के क्षेत्र में जिले के लिए पहला एथलेटिक्स स्टेडियम एवं इन्डोर स्टेडियम को देखा। निर्माणधीन कार्यों का जायजा लिया। उपायुक्त ने स्टेडियम निर्माण कार्यों से अवगत कराया। प्रभारी अधिकारी ने अभिसरण के माध्यम से किये जा रहे कार्यों की सराहना की, कहा कि अभिसरण की राशि का सही इस्तेमाल किया गया है।

पंत ने एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम जाकर खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सिमडेगा हॉकी की नर्सरी है। खेल के साथ-साथ शिक्षा पर भी ध्यान दें। उपायुक्त ने बताया कि सलीमा टेटे भी इन्ही खिलाड़ियों के बीच से उठकर आगे बढ़ी है।

पंत जिला पुस्तकालय भी पहुंचे। पुस्तकालय में विद्यार्थियों को पढ़ते देखा। उन्होंने पुस्तकालय की सुविधा की सराहना की। उपायुक्त ने जिला पुस्तकालय के लिए अतिरिक्त भवन निर्माण के बारे में जानकारी दी।

पंत कोचेडेगा पंचायत स्थित लुकीबहार पहुंच मॉडल कृषि पद्धति का जायजा लिया। स्थानीय किसानों के द्वारा सब्जी उत्पादन कार्य का अवलोकन किया। जैविक खाद निर्माण की पद्धति का जायजा लिया। खेतों में विभिन्न तरह की फसल को देखा। स्थानीय किसानों की मेहनत की सराहना की। उन्होंने कृषि संवाद कार्यक्रम में भी भाग लिया। उपस्थित स्थानीय किसानों को उत्प्रेरित किया।