झारखंड में एक और मॉब लिंचिंग ! पंचायत लगा कर लातेहार में युवक को पीटा, हुई मौत

झारखंड
Spread the love

लातेहार। लातेहार थाना क्षेत्र स्थित हेसातू गांव के युवक दिनेश सिंह उर्फ दीनू को भरी पंचायत में अवैध संबंध का आरोप लगाकर गुरुवार की रात में पीटा गया। पिटाई के बाद देर रात उसकी मौत हो गई। उस पर गांव के ही सूर्यदेव सिंह उर्फ चरकू ने अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध रखने का आरोप लगाया था। मृतक दिनेश मूल रूप से सेरेनदाग पंचायत के खपिया गांव का निवासी था।

शादी के बाद वह अपनी ससुराल हेसातू में ही रह रहा था। परिवार में उसकी पत्नी और दो बच्चे हैं। पंचायत में उपस्थित उसकी पत्नी, सास व भाई को भी जमकर पीटा गया। मृत दिनेश सिंह की पत्नी सूर्यमणि देवी ने बताया कि उसके पति पर गांव के ही सूर्यदेव सिंह ने अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध का आरोप लगाया था।

गुरुवार की शाम पंचायत बुलाई गई थी। उसके पति दिनेश सिंह को मुखिया मालती देवी के पति सोहराई सिंह के आदेश पर ग्रामीणों ने जमकर पीटा। साथ ही दबाव बनाकर उसके पति पर 51 हजार रुपए का आर्थिक दंड भी लगाया। वहीं 3100 रुपए पंचायत में ही तत्काल लिए गए। शेष रकम एक सप्ताह में देने का फरमान पंचायत में सुनाया गया था।