प्राचीन गरदाहा मठ की मूर्ति चोरी कांड का खुलासा, चार अपराधी गिरफ्तार

अपराध झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत प्राचीन गरदाहा मठ से हुई मूर्ति चोरी का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। इस मामले में चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। फरार तीन अपराधियों की तलाश जारी है। उनके पास से मूर्ति का टूटा हिस्‍सा भी बरामद किया गया है।

गिरफ्तार अपराधियों में पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र अंतर्गत डंडिला कला गांव निवासी हिदायतुल्ला अंसारी का 23 वर्षीय पुत्र दिलकश रौशन उर्फ गोल्डी, जमशेद खलीफा का 30 वर्षीय पुत्र छोटू उर्फ महताब आलम, राजेन्द्र राम का 26 वर्षीय पुत्र चंचल कुमार रवि उर्फ पंकज और नावाबजार थाना क्षेत्र अंतर्गत रूदीडीह गांव निवासी शौकत अंसारी का 22 वर्षीय पुत्र टिंकू उर्फ अरशद हुसैन शामिल है।

विदित हो कि बीते 5 फरवरी को उक्त मठ स्थित मंदिर से राधा-कृष्ण की मूर्ति चोरी हो गई थी। इस संबंध में मंदिर के पुजारी भारद्वाज मिश्र ने कांडी थाना में लिखित शिकायत की थी। इसके आधार पर अंतर्गत अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था। चोरी की घटना के बाद एसडीपीओ अवध कुमार यादव, थाना प्रभारी फैज रब्बानी सहित अन्य पुलिस के जवान वहां पहुंचे थे। फोरेंसिक टीम, खोजी कुत्ता भी आया था। इसके बाद भी प्रशासन को असफलता हाथ लगी थी।

इस मामले में पुलिस लगातार अनुसंधान कर रही थी। पुलिस निरीक्षक अंजनी कुमार झा के निर्देश पर छापामारी दल द्वारा लगातार छापामारी की जा रही थी। लगातार अनुसंधान व कार्रवाई से सहमे चोरों द्वारा उक्त मठ के पास 13 दिनों बाद खंडित मूर्ति फेंकी गई थी। ग्रामीणों द्वारा प्राप्त सूचना पर पहुंची पुलिस ने विखंडित मूर्ति बरामद की। इसके बाद पुलिस और भी सख्त हो गई।

जानकारी के अनुसार 5 मई, 2018 की रात खरौंधा गांव स्थित विजय राघव मंदिर से राम, जानकी और लखन लाल की बेशकीमती मूर्ति चोरी हुई थी। यह अष्टधातु से निर्मित थी। सेमौरा मंदिर से अष्टधातु की राधा-कृष्ण की मूर्ति 4 जनवरी, 2019 की रात में चोरी हुई थी। इस प्रकार उक्त मठ से मूर्ति की चोरी की तीसरी घटना है। पूर्व में हुई मूर्ति चोरी के संदिग्धों पर लगातार छापामारी की गई। फिर ये 4 अभियुक्त गिरफ्त में आये।

पूछताछ के दौरान उक्त सभी गिरफ्तार अभियुक्तों ने उक्त सभी मंदिरों से मूर्ति की चोरी कांड में संलिप्त होने की बात स्वीकार की। अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि दिलकश रोशन के नेतृत्व में वे सभी काम कर रहे थे।

कांडी थाना प्रभारी फैज रब्बानी ने बताया कि अभियुक्तों की निशानदेही पर खरौंधा मंदिर से चोरी गई मूर्ति का विखंडित भाग बरामद किया गया है। उक्त चोरों द्वारा चोरी की गई बेशकीमती धातु से निर्मित मूर्ति को सासाराम और औरंगाबाद के सुनार के पास बेच दिया जाता था। उक्त कांड में अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी लगातार जारी है।

छापामारी दल में एसडीपीओ अवध कुमार यादव, पुलिस निरीक्षक संजय खाखा, कांडी थाना प्रभारी फैज रब्बानी, कांडी एसआई सुधीर कुमार दास, मुकेश कुमार कुशवाहा, रंका एसआई नीतीश कुमार, गढ़वा थाना एसआई संजय कुमार, मझिआंव थाना एसआई विकास कुमार, बरडीहा थाना एसआई पंकज सिंदुरिया, गढ़वा एसआई नीरज कुमार सहित पुलिस के अन्य जवान शामिल थे।