ग्रामीणों ने की राशन नहीं मिलने की शिकायत, बीडीओ के कदम से बढ़ेगी परेशानी

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पतीला गांव के सैकड़ों लाभुक शनिवार को पुनः प्रखंड कार्यालय पहुंचे। लाभुकों ने प्रखंड भवन की चहारदीवारी का शिलान्यास करने पहुंचे विधायक पुत्र सह भाजपा युवा नेता ईश्वर सागर चंद्रवंशी उर्फ मुन्ना चंद्रवंशी से बीते चार महीने से राशन नहीं मिलने की शिकायत की। लाभुकों ने कहा कि डीलर राजा राम लगातार 4 महीने से राशन नहीं दे रहा है।

लाभुकों ने डीलर का लाइसेंस तत्काल रद्द करने और राशन दिलाने की गुहार लगाई। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी मनोज तिवारी से राशन का स्थानांतरण बेलहथ गांव स्थित जागृति स्वयं सहायता समूह में करने का आग्रह किया। लाभुकों ने बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा कहा जा रहा है कि डीलर रफीक अंसारी के पास राशन स्थानांतरण करने की अनुशंसा जिला कार्यालय को कर दी गई है। हालांकि इस बात से लाभुक सहमत नहीं हैं।

लाभुकों ने राशन लाईसेंस बेलहथ गांव के जागृति स्वंय सहायता समूह में स्थानांतरण करने की बात कही। युवा समाजसेवी मणिकांत सिंह ने कहा कि जब लाभुकों की इच्छा जागृति स्वयं सहायता समूह में है, तब प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज तिवारी द्वारा डीलर रफीक अंसारी के पास राशन स्थानांतरण करने की बात क्यों कही जा रही है। लाभुकों ने बताया कि उन्‍होंने मुखिया प्रतिनिधि राणा ऋषिकेश सिंह उर्फ गुड्डू सिंह से भी गुहार लगाई है, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ।

लाभुकों ने बताया कि इस संबंध में उपायुक्त, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी व जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी को भी लिखित आवेदन दिया गया है। अभी तक ना ही डीलर राजा राम पर कार्रवाई हुई, ना ही राशन मिला। ना ही अन्य डीलर के पास राशन स्थानांतरण किया गया। इस बारे में युवा नेता ने कहा कि बीडीओ और डीएसओ से जानकारी प्राप्त कर ग्रामीणों की मांग पूरी की जाएगी।

मौके पर उपमुखिया प्रवेश मिस्त्री, वार्ड सदस्य राणा कमला सिंह, रामाशीष राम, अजय राम, कृष्णा राम, प्रभा देवी, कुसुम देवी, तारो देवी, कलावती देवी, सतीश कुमार, पान कुमारी देवी, उषा देवी, शिला देवी, सीमा देवी, मदोदरी देवी, कलावती देवी, सविता देवी, रिंकू देवी, रीता देवी, मीना देवी, रबिता देवी, गीता देवी, फूलकुमारी देवी, मुन्नी देवी सहित सैकड़ों लाभुक उपस्थित थे।