चाईबासा में ग्रामीणों ने पुलिस पर कर दिया हमला, थाना प्रभारी समेत कई जवान घायल

झारखंड
Spread the love

चाईबासा। चाईबासा मुफस्सिल थाना परिसर चार घंटे रणक्षेत्र बना रहा। दरअसल कोल्हान गवर्मेंट इस्टेट के नाम पर पुलिस व शिक्षकों की अवैध बहाली के आरोप में आठ लोगों को हिरासत में लेने पर हंगामा शुरू हो गया। आठों की रिहाई की मांग को लेकर हथियारों से लैस करीब 350 ग्रामीणों ने थाना पर ईंट-पत्थर, लाठी, तलवार और तीर से हमला कर दिया। उसके बाद पुलिस ने आंसू गैस छोड़ने के साथ लाठी चार्ज कर दिया।

पथराव में थाना प्रभारी पवन चंद्र पाठक सहित दर्जनभर जवान घायल हो गए। इनमें आरक्षी बृज भूषण मिश्रा की कमर में तीर लगी है। उन्हें गंभीर हालत में टीएमएच में भर्ती कराया गया है। घायलों में एएसआई अर्जुन कुमार सिंह, रामविलास महतो, अगनु उरांव, सत्यवान सिंह मुंडा, सर्वदेव राय, विजय कुमार द्विवेदी व छत्रधर सहित अन्य शामिल हैं। घटना में ग्रामीण मानसिंह बारदा भी घायल हो गया। वह बड़ाचीरु गांव का रहनेवाला है।

पुलिस ने इस पूरे प्रकरण में कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि पश्चिमी सिंहभूम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ लोग गैर कानूनी तरीके से युवक-युवतियों को पुलिस और हो भाषा के शिक्षक-शिक्षिकाओं के पद पर नियुक्ति के नाम पर बरगला रहे थे। जानकारी मिलने पर मुफस्सिल थाना की पुलिस लादुबासा गांव पहुंची। वहां से युवक-युवतियों के दस्तावेज और गैर कानूनी कार्य में लगे आठ लोगों को हिरासत में लेकर थाना ले गई।

इसके विरोध में करीब 350 ग्रामीण हथियारों से लैस होकर थाने का घेराव करने पहुंचे। ग्रामीणों ने सभी को छोड़ने की मांग की। ग्रामीणों ने साढ़े तीन घंटे तक थाना गेट जाम रखा। आरोप है कि ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया। उसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई शुरू की।