केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह झारखंड के मुखियाओं से संवाद कर जानेंगे ग्राम पंचायतों के विकास का हाल

झारखंड देश
Spread the love

रांची। बड़ी खबर यह आ रही है कि पीएम नरेंद्र मोदी की तर्ज पर केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह झारखंड समेत सभी राज्यों के सरपंचों, मुखियाओं से बात करेंगे। झारखंड की ग्राम पंचायतों में किये जा रहे विकास कार्यों की जानकारी उनसे लेंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंच, मुखिया और ग्राम पंचायत जनप्रतिनिधियों से इंटरेक्शन सेशन के जरिये बात करेंगे। ग्राम पंचायत में बेहतर कार्य करने वाले मुखियाओं से उनके अनुभव सुनेंगे।

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने इस संबंध में राज्य सरकार को पत्र लिखा है। केंद्रीय मंत्री विशेष रूप से श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन के बारे में जानकारी लेंगे। इस योजना से झारखंड की चयनित ग्राम पंचायतों में अब तक क्या-क्या काम हुआ है, इसकी पूरी जानकारी ली जायेगी। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह झारखंड के अधिकारियों के साथ भी योजनाओं की समीक्षा करेंगे।

केंद्रीय मंत्री की सरपंचों से बात करने की इच्छा के बाद ग्रामीण विकास विभाग ने सभी जिलों के उपायुक्त व उपविकास आयुक्तों और श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना के नोडल पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि वे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली ग्राम पंचायतों के सरपंचों विशेषकर वैसे सरपंच रूर्बन मिशन के विकास की गतिविधियों में अत्यधिक शामिल हैं एवं विकास क्षेत्र के बारे में अपने अनुभव तथा विचार साझा कर सकते हैं, उन्हें चयनित कर पूरी जानकारी दें, ताकि विस्तृत प्रतिवेदन भारत सरकार के समक्ष भेजा सके। केंद्र को पूरी जानकारी देने के बाद इंटरेक्शन सेशन आयोजित किया जायेगा। इसके लिए तिथि निर्धारित की जायेगी।