देश के सबसे लंबे शख्स ने थामा सपा का दामन, जानिए उनके बारे में…

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सत्‍ता हासिल करने के लिए राजनीति दलों का खुद को मजबूत बनाने का दौर जारी है।इस बीच शनिवार को देश के सबसे लंबे शख्स का तमगा रखने वाले धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। यही नहीं, इस बात की समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर जानकारी दी है।

बता दें कि धर्मेंद्र की लंबाई 8 फीट 2 इंच है। वहीं, समाजवादी पार्टी के यूपी अध्यक्ष नरेश उत्तम ने विश्वास जताया है कि देश के सबसे लंबे शख्स के आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। जबकि धर्मेंद्र का सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ फोटो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जबकि धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वह समाजवादी पार्टी की नीतियों और अखिलेश यादव के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त करते हुए सपा में शामिल हुए हैं। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की सदर तहसील के नरहरपुर कसियाही गांव के रहने वाले हैं धर्मेंद्र प्रताप सिंह। यही नहीं, उन्‍होंने हिंदी से मास्टर ऑफ आर्ट्स (एमए) तक पढ़ाई की है।

जानकारी के मुताबिक, उनके घर से बाहर निकलने पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो जाती है और सेल्फी लेने वालों का मजमा लग जाता है। जबकि 46 वर्षीय धर्मेंद्र के पास अभी नौकरी नहीं है, क्‍योंकि उनको झुकने में दिक्कत होती है। इसके साथ उनकी अभी तक शादी भी नहीं हुई है। हालांक‍ि कई रिश्तेदारों ने उनकी शादी कराने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। ऐसे में अब उन्‍होंने शादी करने और अपना परिवार होने की उम्मीद छोड़ दी है।