पंजाब। पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने रविवार को उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह को भदौर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले उन्हें चमकौर साहिब सीट से पहले ही उम्मीदवार घोषित किया जा चुका है। इस तरह मुख्यमंत्री चन्नी दो विधानसभा सीटों से किस्मत आजमा रहे हैं।
तीसरी लिस्ट में पार्टी ने 8 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। पहली बार मुख्यमंत्री बने 58 वर्षीय चन्नी ने सितंबर में पंजाब में सीएम की कुर्सी संभाली थी, जब कांग्रेस ने अमरिंदर सिंह को बर्खास्त कर दिया था। अमरिंदर सिंह का पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के साथ लंबा विवाद रहा जिसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री का पद और कांग्रेस पार्टी दोनों ही छोड़ दी थी।
नवजोत सिद्धू के नए मुख्यमंत्री चन्नी के साथ भी संबंध सहज नहीं रहे हैं क्योंकि दोनों में से कोई भी शीर्ष पद का मोह छोड़ने को तैयार नहीं है।