Omicron के बढ़ते खतरे के बीच सरकार ने 28 फरवरी तक इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर लगाई रोक

देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्ली। दुनियाभर में ओमिक्रॉन के लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगी पाबंदी को और आगे बढ़ा दिया गया है। डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने एक सर्कुलर के जरिये इसकी जानकारी दी।

इसमें कहा गया है कि कोविड-19 के खतरे को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक उड़ान सेवा पर अब 28 फरवरी 2022 तक के लिए रोक लगाई जा रही है। कोरोना के लगातार बढ़ने मामलों को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा था कि पाबंदी फिर से बढ़ाई जा सकती है। हालांकि, इसका असर अंतरराष्ट्रीय कार्गो विमानों पर नहीं होगा। डीजीसीए की मंजूरी वाली उड़ानों पर भी पाबंदी लागू नहीं होगी।

इसके साथ ही एयर बबल के अंतर्गत उड़ान भरने वाली फ्लाइट पर भी रोक नहीं होगी। इससे पहले डीजीसीए ने 31 जनवरी 2022 तक अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाओं पर रोक लगाने का फैसला किया था। महामारी को देखते हुए भारत आने-जाने वाली सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 23 मार्च 2020 से ही बंद हैं। हालांकि, पिछले जुलाई 2020 से करीब 28 देशों के साथ हुए एयर बबल समझौते के तहत विशेष अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानें संचालित हो रही हैं।