पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह भाजपा में शामिल, कांग्रेस को लेकर कही ये बात

देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। पार्टी मुख्‍यालय में उन्‍होंने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की मौजूदगी में पार्टी की सदस्‍यता ग्रहण की। उनके उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने का कयास लगाया जा रहा है।

इस अवसर पर धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में आरपीएन सिंह का मैं पार्टी परिवार में स्वागत करता हूं। उनके साथ 2 अन्य साथी भी भाजपा में शामिल हुए हैं, मैं उनका भी पार्टी में स्वागत करता हूं।

इस अवसर पर आरपीएन सिंह ने कहा कि 32 सालों तक मैंने एक पार्टी में रहा। ईमानदारी से, लगन से मेहनत की। परंतु जिस पार्टी में इतने साल रहा अब वो पार्टी रह नहीं गई। ना वो सोच रह गई, जहां मैंने शुरुआत की थी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर देश में राष्ट्र निर्माण करना है और देश को आगे बढ़ाना है तो मैं एक छोटे कार्यकर्ता की हैसियत से हमारा प्रधानमंत्री मोदी के सपनों को पूरा करने के लिए जो भी प्रयास होगा अवश्य करूंगा।

पत्नी के भाजपा उम्मीदवार के तौर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने की खबरों पर आरपीएन सिंह ने कहा कि मैं ही अकेला राजनीति में हूं। पार्टी जो दिशानिर्देश देगी, उसको मैं जरूर करूंगा।