रांची प्रदेश कार्यालय में पूर्व मंत्री बड़कुंवर गगराई भाजपा में हुये शामिल

झारखंड
Spread the love

रांची। राजधानी रांची के भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को आयोजित मिलन समारोह में पूर्व मंत्री एवं कोल्हान के नेता बड़कुंवर गगराई ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया। प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश एवं बाबूलाल मरांडी ने बड़कुंवर गगराई को पार्टी का अंगवस्त्र एवं माला पहना कर पार्टी में स्वागत किया।

मौके पर दीपक प्रकाश ने स्वागत करते हुए कहा कि बड़कुंवर गगराई पार्टी के पुराने सिपाही रहे हैं। भाजपा से विधायक एवं मंत्री बन कर राज्य की सेवा में अपना योगदान दिया है। पार्टी में पुनर्वापसी से दल को मजबूती प्राप्त होगी। मिलन समारोह में पूर्व मंत्री बड़कुंवर गगराई ने केंद्र एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि उन्हें जो भी पहचान मिली, वह भारतीय जनता पार्टी के कारण ही मिली थी। 2019 विधानसभा चुनाव के वक्त किसी कारणवश वह पार्टी से अलग हो गये थे, लेकिन घर वापसी कर अच्छा लग रहा है। वह भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करेंगे।