‘झारखंड सरकार के इस रवैया से किसान हताश और निराश’

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। झारखंड सरकार लगातार किसान और मजदूरों को छलने का काम कर रही है। विगत वर्ष सरकार किसानों का धान नहीं खरीद सकी। किसानों के धान खेत-खलिहान में ही सड़ गए। उक्त सभी बातें भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष रामलला दुबे ने कही।

दुबे ने कहा कि इस वर्ष सरकार ने धान पैक्स के माध्यम से खरीदने का आदेश जारी किया है। हालांकि अभी तक पूर्णरूप से गढ़वा जिले में धान की खरीदी नहीं की जा रही है। सरकार के इस रवैया से किसान हताश और निराश हैं। कांडी प्रखंड सहित पूरे जिले में पैक्स अध्यक्ष द्वारा गोदाम नहीं मिलने की बात कही जा रही है। कहा जा रहा है कि जिला से आदेश नहीं मिला है।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसान रोज पैक्स का चक्कर काट रहे हैं। अधिकतर किसान अपना धान औने-पौने दाम में ही बिचौलिए के हाथों बेच दिए। शेष किसान के धान पर इस वर्ष भी संकट मंडरा रहा है।

दुबे ने कहा कि किसानों की समस्या पर सरकार अमल करे, नहीं तो पूरे जिले के किसान आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया है कि जिला के सभी पंचायतों में पैक्स को चालू कराकर किसानों की धान की खरीदी जल्द की जाए।