डीटीओ और ट्रैफिक डीएसपी ने चलाया जांच अभियान, वसूले 1.77 लाख

झारखंड
Spread the love

  • बिना मास्क वाहन चलाने और अनाधिकृत नेम प्लेट लगाने वालों के खिलाफ अभियान

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में 8 जनवरी, 2022 को जिला परिवहन पदाधिकारी प्रवीण कुमार प्रकाश, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) जीतवाहन उरांव एवं ट्रैफिक विभाग ने करमटोली चौक में संयुक्त जांच अभियान चलाया। इसमें अनाधिकृत रूप से नेम प्लेट का उपयोग कर रहे वाहनों और बिना मास्क वाहन चलाने वालों के विरूद्ध जांच की गई। वाहन संबंधी अन्य कागजातों जैसे बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र, बिना बीमा, बिना लाईंसेंस इत्यादि को लेकर लगभग सैकड़ों वाहनों की जांच की गई।

जांच अभियान में दर्जनों वाहनों को अनाधिकृत रूप से नेम प्लेट का उपयोग कर रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मोटर वाहन अधिनियम की धारा 179 के तहत् दंड शुल्क वसूल किया गया। 21 वाहनों से 1,77,150 रुपये दंड वसूल किया गया।

साथ ही सभी ऑटो चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि क्षमता से अधिक लोगों को नहीं बैठाये। सभी मास्क का प्रयोग करें। हाथों को सेनिटाइज करें। सभी बस ऑनर्स से भी निवेदन है कि कोविड संक्रमण को देखते हुए परिवहन विभाग द्वारा दिए गए गाईडलाइन का पालन करें। पालन नहीं करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी।

बस चालक, सहायक और यात्रियों से अनुरोध है कि वे मास्क अवश्य लगाएं। यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व वाहनों को सेनिटाइज करें। वाहनों में निर्धारित सीट के अनुरूप ही यात्रियों को लें। वाहन में चढ़ने-उतरने के समय सामाजिक दूरी का पालन करें। यात्रा के दौरान ध्रूमपान, पान, गुटखा, खैनी का सेवन नहीं करें।

जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि उक्त कार्रवाई समय-समय पर नियमित रूप से की जायेगी। साथ ही सभी से आग्रह किया कि सभी मोटरवाहन चालक/मालिक सरकारी अधिसूचना का अनुपालन करें। सभी से निवेदन है की वाहन चलाते हुए हेलमेट के साथ-साथ मास्क का प्रयोग करें।