सीएम ने कानून व्यवस्था की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में 28 जनवरी को कानून व्यवस्था पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने और हर हाल में अपराध रोकने के निर्देश पुलिस पदाधिकारियों को दिये।

उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलिस पेशेवर अपराधियों को चिन्हित कर उनसे सख्ती से निपटने का कार्य करे। राज्य में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस संवेदनशील और तत्पर रहे। विधि व्यवस्था बनाए रखना राज्य सरकार की अहम जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था के सख्त होने से राज्य में चल रहे विकास कार्यों की गति बढ़ेगी। योजनाओं का वास्तविक लाभ लोगों को मिल सकेगा। उन्‍होंने रांची के मोरहाबादी मैदान में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना को लेकर चिंता जताई।

मुख्यमंत्री ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मोरहाबादी घटना में शामिल अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए जाए। दोषियों पर कड़ी से कड़ी कानूनी-कार्रवाई सुनिश्चित हो।

बैठक में मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, डीजीपी नीरज सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव-सह-गृह विभाग के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, नगर आयुक्त मुकेश कुमार, एसएसपी रांची सुरेंद्र कुमार झा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।