पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे और बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज सोमवार को कुछ घंटे पहले अपनी पत्नी रेचल उर्फ राजश्री के साथ पटना पहुंचे। रात साढ़े आठ बजे के करीब दोनों पति-पत्नी एयरपोर्ट से बाहर निकले। उनके स्वागत के लिए शाम से ही कार्यकर्ता एयरपोर्ट पर जमे थे। जैसे ही दोनों बाहर निकले, ढोल-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं की भीड़ देखकर रेचल चौंंक गईं।
तेजस्वी के पटना आने से पहले उनकी मां राबड़ी देवी अपनी छोटी बहू के स्वागत के लिए पटना पहुंच चुकी थीं। लौटने के बाद राबड़ी देवी ने कहा था कि वो सबको तेजस्वी की शादी की मिठाई खिलाएंगी। बता दें कि 11 नवंबर को तेजस्वी यादव ने अपनी गर्लफ्रेंड रेचल के साथ दिल्ली में शादी की। उनकी शादी के दिन 3 बजे तक कयासों का दौर चल रहा था कि उनकी शादी है या सगाई। तेजस्वी ने शादी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। शादी में केवल उनके नजदीकी रिश्तेदार ही शामिल हुए थे। राजनीतिक लोगों में परिवार के बाहर के लोगों में केवल यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनकी पत्नी ही थे।
तेजस्वी की वरमाला की तस्वीरें लोगों के सामने आईं, तब लोगों को पता चला कि नेता प्रतिपक्ष की सगाई नहीं, बल्कि शादी है। तबतक उनकी पत्नी का नाम किसी को पता नहीं था। कोई उनकी पत्नी का नाम एलैक्सिस बता रहा था, तो कोई राजश्री। बाद में तेजस्वी की बहन रोहिणी ने ट्वीट कर उनकी पत्नी का नाम बताया। इसके बाद लोगों को पता चला कि उनकी पत्नी का नाम रेचल है।
यहां बता दें कि 14 तारीख को खरमास प्रारंभ हो रहा है। खरमास के माह में कोई भी शुभ कार्य संपन्न नहीं होता है। अगर 15 तारीख से पहले तेजस्वी की दुल्हन पटना नहीं आतीं, तो उन्हें पूरे एक महीने तक ससुराल आने के लिए इंतजार करना पड़ता, यही वजह है कि वह 13 दिसंबर को दोनों पटना आ गये।