दिल्‍ली में ओमिक्रॉन का आया दूसरा मामला, मुंबई में धारा 144, ये हैं देश के हालात

देश नई दिल्ली मुख्य समाचार
Spread the love

नई दिल्‍ली। कोरोना-19 के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ रहा है। दूसरा मामला देश की राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में आया है। महाराष्‍ट्र में 17 मामले सामने आ चुके हैं। मुंबई में दो दिनों के लिए धारा 144 लगा दी गई है। हालात को देखते हुए केंद्रीय कैबिनेट सचिव ने इस मामले पर बैठक बुलाई है।

दिल्ली में ओमिक्रॉन का दूसरा मामला सामने आया है। संक्रमित व्यक्ति वैक्सीन की दोनों डोज लगा चुका था। वह जिम्बाब्वे से आ रहा था। उसने दक्षिण अफ्रीका की भी यात्रा की थी। संक्रमित व्‍यक्ति को लोक नायक जयप्रकाश नारायण अस्‍पताल (एलएनजेपी) में भर्ती कराया गया है।

महाराष्‍ट्र में ओमिक्रॉन के 17 मामले दर्ज किये गये हैं। मुंबई में पिछले 24 घंटे में 7 मामले सामने आये हैं। एक मामला धारावी का है। शनिवार और रविवार के लिए धारा 144 लगाई गई। इस दौरान जुलूस-प्रदर्शन, धरना पर पूरी तरह रोक है। इसका उल्‍लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

भारत में अब तक ओमिक्रॉन के 33 मामले दर्ज किए गए हैं। दुनियाभर में 59 देशों में ओमिक्रॉन के मामले पाए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि देश में हम शुक्रवार तक 86.2% वयस्क आबादी को वैक्सीन की पहली डोज और 53.5% वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है।

जानकाकारों का कहना है कि देश में ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ने लगा है। लगातार नये मामले सामने आ रहे हैं। अगले दो सप्‍ताह अहम हो सकते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कैबिनेट सचिव ने 11 दिसंबर को बैठक बुलाई है।