पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ‘नवोदय रत्न’ से सम्मानित

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

उत्तर प्रदेश। वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव को ‘नवोदय रत्न’ सम्मान से अलंकृत किया गया। जवाहर नवोदय विद्यालय, जीयनपुर, आजमगढ़ में आयोजित सिल्वर जुबली एल्मुनाई मीट में पूर्व प्राचार्य आईपी सिंह सेंगर, वर्तमान प्राचार्य एसके राय एवं जिला विद्यालय निरीक्षक मऊ आरपी यादव ने उन्हें सम्मान-पत्र और स्मृति चिन्ह दिया। शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जवाहर नवोदय विद्यालय के पूर्व प्राचार्य आईपी सिंह सेंगर ने कहा कि नवोदय विद्यालय की प्रतिभाएं विभिन्न क्षेत्रों में अपना परचम फहरा रही हैं। अपनी उपलब्धियों से नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत का कार्य भी कर रहे हैं। नवोदय विद्यालय, आजमगढ़ को यह श्रेय प्राप्त है कि यहीं के विद्यार्थी रहे कृष्ण कुमार यादव ने अपने प्रथम प्रयास में ही संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित सिविल सर्विसेज परीक्षा पास कर उत्तर प्रदेश से सिविल सेवाओं में सफल प्रथम नवोदयी विद्यार्थी बनने का गौरव प्राप्त किया।

नवोदय एल्मुनाई वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव डॉ अभय यादव ने प्रशस्ति-वाचन कि‍या। कृष्ण कुमार यादव की उपलब्धियों के बारे में विस्‍तार से चर्चा की। उन्‍होंने बताया कि यादव को कई राष्‍ट्रीय-अंतरराष्‍ट्रीय सम्‍मान मिले हैं। विभागीय दायित्वों और हिन्दी के प्रचार-प्रसार के क्रम में अब तक लंदन, फ़्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड, दक्षिण कोरिया, भूटान, श्रीलंका, नेपाल जैसे देशों की यात्रा कर चुके हैं। उनके परिवार की साहित्य में तीन पीढ़ियां सक्रिय हैं। उनके पिताजी राम शिव मूर्ति यादव के साथ-साथ पत्नी श्रीमती आकांक्षा भी चर्चित ब्लॉगर और साहित्यकार हैं। बड़ी बेटी अक्षिता (पाखी) अपनी उपलब्धियों के लिए भारत सरकार द्वारा सबसे कम उम्र में राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित है।

कार्यक्रम में कृष्ण कुमार यादव के अलावा विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत गणेश चंद्र यादव, विपिन मिश्रा, आनंद कुमार पाण्डेय, डॉ संतोष शंकर रे, डॉ. उमेश चंद्र, डॉ अवनीश राय, प्रो सत्यपाल शर्मा, श्याम कन्हैया सिंह, राम दरश यादव, मदन मोहन राय, धर्मेंद्र यादव, आशुतोष तिवारी, संघर्ष वंघई और  शशिकला यादव सहित 15 लोगों को ‘नवोदय रत्न’ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वर्ष 1995 और 1996 बैच के पास आउट छात्र-छात्राओं का भी अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम का संयोजन नवोदय एल्मुनाई वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम यादव और मिथिलेश मिश्रा, संचालन डॉ अभय यादव और आभार हरिलाल ने किया। इस दौरान उप प्रधानाचार्य जया भारती, केएस यादव, नन्दलाल प्रजापति, अपर जिलाधिकारी (वित्त व राजस्व) आजाद भगत सिंह, सिविल जज जुवेनाइल मनीष राना, संजीत कुमार, सूर्य प्रकाश यादव, सोमेश, प्रदीप विमल सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।