पत्रकार विनोद दुआ का लंबी बीमारी के चलते हुआ निधन, बेटी मल्लिका ने दी जानकारी

देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्ली। नामी वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का 67 साल की उम्र में निधन हो गया। वे काफी समय से बीमार चल रहे थे। विनोद दुआ की बेटी और कॉमेडियन मल्लिका दुआ ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए ये जानकारी दी।

विनोद दुआ का अंतिम संस्कार कल लोधी श्मशान घाट में कराया जाएगा। कुछ दिन पहले ही जब ICU में विनोद दुआ भर्ती थे तो उनकी मौत की अफवाह उड़ी थी, तब उनकी बेटी ने इनका खंडन किया था। मल्लिका दुआ ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, हमारे बेपरवाह, निडर और असाधारण पिता विनोद दुआ का निधन हो गया। मल्लिका दुआ ने लिखा, अब वे हमारी मां के साथ हैं यानी अपनी पत्नी के साथ स्वर्ग में हैं।

दरअसल, मल्लिका की मां का निधन इसी साल कोरोना से हो गया था। कोरोना की दूसरी लहर में विनोद दुआ और उनकी पत्नी संक्रमित हो गए थे। दोनों की तबीयत काफी बिगड़ गई थी। इसके बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विनोद दुआ 7 जून को घर लौट आए थे।

हालांकि, उनकी पत्नी का 12 जून को निधन हो गया था। नई दिल्ली में जन्मे विनोद दुआ दूरदर्शन और NDTV में काम किया। 1996 में वे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार थे, जिन्हें रामनाथ गोयनका अवार्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें 2008 में पत्रकारिता के लिए पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया था।