‘हंसते हुए सीटी स्कैन मशीन में गया मासूम…बाहर निकाला तो हुई मौत’; हुआ बवाल

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

उत्तरप्रदेश। यूपी के आगरा शहर के थाना नाई की मंडी के सुभाष पार्क स्थित अग्रवाल सीटी सेंटर में शुक्रवार शाम को साढ़े तीन साल के दिव्यांश की सीटी स्कैन के दौरान मौत हो गई। मासूम छत से गिर गया था। उसके माता-पिता सीटी स्कैन कराने के लिए लेकर आए थे।

उनका कहना था कि दिव्यांग हंसते-खेलते सीटी स्कैन मशीन में गया था। जब उसे बाहर निकाला गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी पर परिजन इकट्ठा हो गए। उन्होंने हंगामा कर दिया। इस पर डॉक्टर और कर्मचारी सेंटर को बंद करके भाग खड़े हुए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर रात पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

थाना नाई की मंडी के प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि धनौली के रहने वाले विनोद कुमार का बेटा दिव्यांश छत से गिर गया था। इससे उसके चोट लगी थी। वह शाम पांच बजे उसे नामनेर स्थित एसआर हॉस्पिटल में लेकर आए थे।

परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने शाम को उसको सीटी स्कैन के लिए भेज दिया। इस पर सुभाष पार्क स्थित डॉ नीरज अग्रवाल के सेंटर पर लेकर आए थे। यहां पर दिव्यांश को इंजेक्शन लगाए गए। अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। बाद में परिजनों ने अपने परिचितों को जानकारी दी। इसके बाद वह सेंटर पर आ गए और हंगामा करने लगे।

घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। मृतक बच्चे के चाचा योगेश कुमार की तहरीर पर डॉक्टर नीरज अग्रवाल, उनके कर्मचारी और एसआर हॉस्पिटल के डॉक्टर के खिलाफ लापरवाही से मौत के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने का इंतजार किया जा रहा है।