सरकार की दूसरी वर्षगांठ से पहले हेमंत को वादा याद दिलाया सरकारी कर्मि‍यों ने

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। झारखंड सरकार 29 दिसंबर को दूसरी वर्षगांठ मनाने वाली है। इसे लेकर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में भव्‍य समारोह होने वाला है। इसमें पूरे राज्‍य के लोगों को बुलाया जाएगा। अरबों रुपए की परिसंपत्ति का वितरण किया जाएगा। इसकी तैयारी चल रही है। रात-दिन मजदूर काम कर रहे हैं।

चलाया गया था अभियान

सरकार की दूसरी वर्षगांठ से पहले सरकारी कर्मियों ने राज्‍य के मुखिया हेमंत सोरेन को चुनाव में किया वादा याद दिलाया है। कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर झारखंड मुक्ति मोर्चा का प्रतिज्ञा पत्र खूब वायरल हुआ था। सरकारी कर्मियों ने 15 और 16 दिसंबर को अभियान भी चलाया था। इस दौरान मांगों का बैच लगाकर काम किया।

घोषणा पत्र में किया वादा

जानकारी हो कि झामुमो ने अपने घोषणा पत्र में कहा था कि सत्ता में आने के बाद वर्ष 2004 के बाद सरकारी सेवा में नियुक्त होने वाले पदाधिकारियों और कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाएगी। पर्व त्योहार एवं अन्य विषम परिस्थितियों में राज्य के लोगों की सुरक्षा में तैनात रहने वाले सभी पुलिसकर्मियों को वर्ष में 13 महीने का वेतन मिलेगा। साथ ही, घटाई गई छुट्टियों के रघुवर सरकार के निर्देश को निरस्त किया जाएगा। उप विकास आयुक्त के 75 फीसदी (16) और उपायुक्त के 40 प्रतिशत (10) पद राज्य सेवा के अधिकारियों के लिए आरक्षित किए जाएंगे। मध्याह्ल भोजन से संबंधित जिम्मेदारियों से शिक्षकों को मुक्त किया जाएगा, जिससे वह पठन-पाठन पर ध्यान दे सकें। जनसेवकों के खाली पद भरे जाएंगे। साथ ही, कृषि से अलग किसी भी काम में नहीं लगाया जाए, इसकी व्यवस्था की जाएगी।

यह कर रहे कर्मी

अब बंद दरवाजा खोल, दो पुरानी पेंशन पर भी बोल दो। आपने कहा था, हम जब आएंगे पुरानी पेंशन दिलाएंगे। बदलो सरकार, पाओ अधिकार।