पहले थाना में दर्ज कराई किडनैप की शिकायत, फिर कहा, माफी देई दो

झारखंड
Spread the love

रांची। पहले थाना में युवक के किडनैप होने की शिकायत की। दूसरे दिन थाना में माफीनामा दि‍या। पुलिस से क्षमा मांगी। यह मामला झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र का है।

घटना के मुताबिक बिहार के जहानाबाद से तुषार नामक एक युवक रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में आया। उसने रात में खूब शराब पिया। नशे में ही दोस्तों को 22 हजार ट्रांसफर कर दिया। इसके बाद रिश्तेदारों को किडनैप की झूठी कहानी बताई। युवक ने बताया कि उसका अपहरण स्कॉर्पियो पर सवार 6 लोगों ने कर लिया। एटीएम से 22 हजार रुपये निकालकर मारपीट कर छोड़ दिया।

इसके बाद युवक ने रिश्तेदारों के साथ नामकुम थाना में मंगलवार यानी 14 दिसंबर की रात में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होते नामकुम थाना पुलिस रेस हो गई। रात भर जांच में जुटी रही। करीब एक दर्जन जगहों पर सीसीटीवी खंगाला। इस दौरान ना स्कॉर्पियो दिखा, ना ही कोई मिला।

बुधवार यानी 15 दिसंबर को सच्‍चाई का पता चला। इसके बाद युवक के रिश्तेदारों ने थाना में माफीनामा लिखकर दिया है। पुलिस से क्षमा मांगा। कहा कि युवक ने शराब के नशे में दोस्तों को पैसा भेज दिया। इसलिए परिजनों के डर से झूठी लूट और अपहरण की कहानी बताई।

नामकुम थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर सुनील तिवारी ने बताया कि रात 8.30 बजे जब शिकायत करने युवक पहुंचा, तब उसकी बातों से मामला संदिग्ध लगा। फिर भी उसे घटनास्थल पुलिस लेकर गई। ऐसी घटना से स्थानीय लोगों ने इंकार कर दिया। इसके बाद कई जगहों सीसीटीवी खंगाला गया। मामला लूट और अपहरण का बताया। इसलिए रात भर कई जगहों पर जांच की गई। युवक बिहार के जहानाबाद से नामकुम थाना क्षेत्र के चाय बागान में अपने फूफा के घर आया है।