दो वर्ष पहले पंचायत में पहुंच गई बिजली, यह टोला अब भी अंधेरे में

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चटनियां गांव के कुशवाडेरा टोला में आजादी के बाद से अबतक बिजली नहीं पहुंची है। इस बावत ग्रामीणों ने मुखिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी से लेकर विधायक तक से गुहार लगाई। मंगलवार को कुशवाडेरा में स्थित लगभग डेढ़ सौ घरों के लोगों ने मुखिया रामजी राम का घेराव किया।

ग्रामीणों ने कहा कि रामजी यादव लगातार दो बार से मुखिया बनें। अपने 11 वर्षों के कार्यकाल में बिजलीकरण के लिए आवाज तक नहीं उठाई। इसके कारण उक्त टोले पर 150 घरों में बिजली नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने बताया कि चटनिया पंचायत के सभी गांव व टोलों में विगत दो वर्षों से बिजली पहुंच गई, किंतु कुशवाडेरा टोले में आज भी लोग ढि‍बरी युग में जीने को विवश हैं।

लोगों ने बताया कि डीहवार स्थान स्थित नदी से 11 हजार वोल्टेज का हाई टेंशन तार गुजरा हुआ है। बिजली विभाग चाहे तो ट्रांसफार्मर और पोल लगाकर कुशवाडेरा को अंधेरे से निजात दिलाया जा सकता है। वार्ड पार्षद धर्मेंद्र पाल ने कहा कि देववंश यादव के घर के आसपास 20, विश्वनाथ यादव के घर के आसपास 20, चनर पाल के घर के आस-पास 10 व अमरनाथ यादव के घर के आसपास 5 यानी 55 पोल और 4 ट्रांसफर्मर लगाकर कुशवाडेरा के लोगों के घरों तक बिजली पहुंचाई जा सकती है।

उपस्थित लोगों ने सरकार और बिजली विभाग से मांग की है कि विद्युतीकरण कराकर बिजली की समस्या से निजात दिलाई जाए। मौके पर सविता देवी, मीना देवी, सुनेश्वर यादव, माया देवी, सावित्री देवी, रिंकू देवी, बबिता देवी, कविता देवी, चिंता देवी, रीना देवी, पूनम देवी, राजकुमारी देवी, संजय यादव व अमरनाथ यादव सहित सैकडों महिला व पुरुष उपस्थित थे।